
आतंकी जगतार सिंह हवारा को कोर्ट ने दी बड़ी राहत,18 साल पुराने मामले में बरी
Lucknow Desk : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्या के मामले में जगतार सिंह हवारा इस समय दिल्ली की मंडोली जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। सुरक्षा बंदोबस्त के चलते उसकी इस मामले में लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी चल रही थी। इससे पहले हवारा और उसके अन्य साथियों ने 1995 में पंजाब के मुख्यमंत्री बेअंत सिंह को बम से उड़ा दिया था। वहीं आज पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा को जिला अदालत ने 18 साल पहले दर्ज एक केस में बरी कर दिया। पुलिस ने साल 2005 में हवारा के खिलाफ देश के खिलाफ षड्यंत्र रचने, सेना बनाने व हथियार इकट्ठा करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। अब इस केस में उसे बरी कर दिया गया है।
बता दे की सेक्टर-36 थाना पुलिस ने 16 जुलाई 2005 को आईपीसी की धारा 121, 121ए, 123, 153, 120बी, आर्म्स एक्ट व एक्स्पलोसिव एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था, लेकिन पुलिस हवारा पर लगे आरोपों को अदालत में साबित नहीं कर पाई। मामले में हवारा के वकील अमर सिंह चहल ने बताया कि मामले में गवाह ने जगतार सिंह हवारा को पहचानने से इन्कार कर दिया। चहल की ओर से दलील दी गई कि इस मामले में मुख्य आरोपियों को सजा हो चुकी है, जबकि हवारा का इस वारदात से कोई ताल्लुक नहीं था।