
Maharashtra : देर रात महाराष्ट्र के संभाजी नगर में फैक्ट्री में लगी आग
Lucknow Desk : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में हाथ के दस्ताने बनाने वाली एक कंपनी में देर रात भीषण आग लग गई। वहीं, आपको बता दें की आग में झुलसने के कारण छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आग की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए थे। आग पर काबू पा लिया गया है और शवों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। ये हादसा करीब रात 02:15 पर हुआ तब फैक्ट्री में 10-15 वर्कर्स सो रहे थे। फैक्ट्री में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया, कुछ लोग भागने में सफल रहे,लेकिन कम से कम पांच-छह अंदर फंस गए। इस बीच आग बुझाने का काम जारी है और आग लगने के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है.लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लगी होगी।
पुलिस कमिश्नर मनोज लोहिया ने बताया कि लेदर और कॉटन के दस्ताने बनाने वाली कंपनी सन शाइन में आग लग गई थी। घटना की सूचना सबसे पहले देर रात 1:15 बजे कंट्रोल रूम में मिली। जानकारी मिलते ही एसीपी तुरंत मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ियों ने साढ़े तीन बजे तक आग पर काबू पा लिया था। उन्होंने आगे कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी।
आग लगने से कंपनी के अंदर फंसे लोगों ने मदद की लगाई थी गुहार
आग पर काबू पाने के बाद अब दमकल विभाग की टीम इस घटना की असली वजह का पता लगा रही है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। जब कंपनी के अंदर आग लगी थी तब अंदर फंसे लोगों ने मदद की गुहार लगाई थी। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग जगे और उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। इस दौरान दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने सभी लोगों को बचाने के लिए काफी प्रयास किया था, लेकिन कुछ लोग बच गए तो कुछ फंस गए। जो अंदर फंसे रहे उन्हीं लोगों की मौत हुई है।