
Hemant Soren : झारखंड में चौथी बार CM की शपथ लिए हेमंत सोरेन, शपथ से पहले हेमंत सोरेन ने किया पोस्ट
Hemant Soren : झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने शपथ ले ली है। रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शपथ दिलाई। हेमंत सोरेन झारखंड में चौथी बार सीएम बनने वाले पहले राजनेता बन गए हैं। उनके नेतृत्व वाले झामुमो, कांग्रेस, राजद और सीपीआईएमएल के गठबंधन 56 सीटों पर जीत के साथ दो तिहाई बहुमत हासिल किया है।
बता दें, शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया ब्लॉक के कई शीर्ष नेता मंच पर मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की अध्यक्ष ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव मौजूद रहें।
झारखंड में अब तक कितने मुख्यमंत्री ?
इसके साथ ही हेमंत सोरेन के पिता और झामुमो के अध्यक्ष शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मंच पर मौजूद थे। बता दें, हेमंत सोरेन को मिलाकर अब तक कुल सात राजनेता झारखंड में मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं। इनमें बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, शिबू सोरेन, मधु कोड़ा, रघुवर दास और चंपई सोरेन शामिल हैं।
शपथ ग्रहण से पहले हेमंत सोरेन ने किया पोस्ट
शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचने से पहले हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट किया। इस पोस्ट के जरिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के सामाजिक न्याय, एकता और संघर्ष के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने एक्स पर लिखा, आज का दिन ऐतिहासिक होगा - एक ऐसा दिन जो हमारे सामूहिक संघर्ष, प्रेम-भाईचारे की भावना और न्याय के प्रति हम झारखंडियों के प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। झारखंड की महान धरा ने हमेशा से विरोध और संघर्ष को जन्म दिया है और झामुमो - भगवान बिरसा, भगवान सिदो-कान्हू, अमर शहीद तेलंगा खड़िया, फूलो- झानो, पोटो हो, शेख भिखारी समेत अनगिनत वीरों के संघर्षों से भरी उसी विरासत को समेटे हर दिन आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज का दिन राजनीतिक जीत के बारे में नहीं, सामाजिक न्याय के प्रति संघर्ष, सामाजिक एकता को प्रखर करने की हर रोज़ लड़ी जानी वाली लड़ाई को दोहराने का दिन है। आज का यह दिन यह भी बताता है कि लोकतंत्र पर बढ़ते दबाव के बीच झारखंड की महान जनता एक साथ खड़ी है। आज हर गांव, हर शहर में एक आवाज़ गूंज रहा है - अधिकार, समानता, एकता मतलब झारखंडियत की आवाज। इसमें कोई संदेह न रखें - हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। हमें न विभाजित किया जा सकता है, न ही शांत किया जा सकता है। जब जब वे हमें पीछे धकेलते हैं, हम आगे बढ़ते हैं. जब जब वे हमें शांत करना चाहते हैं, हमारी हूल, उलगुलान, क्रांति की आवाज और प्रखर होती जाती है क्यूंकि हम झारखंडी हैं, और झारखंडी झुकते नहीं है।
आज जब सामाजिक संरचना में गहरी दरारें पैदा हो रही हैं, तब हमें अपने पूर्वजों की उस एकता और हर झारखंडी को साथ ले कर चलने के संकल्प को पुनः दोहराना होगा।
अपने अबुआ सरकार के लिए हर एक झारखंडी को बधाई।
हमारी लड़ाई अटल है, अविराम है। संघर्ष जारी है और आख़िरी साँस तक रहेगा ….
आपका हेमन्त