
Noel Tata News: नोएल टाटा बने रतन टाटा के उत्तराधिकारी, जानें कौन है नोएल टाटा?
Noel Tata News: रतन टाटा के निधन के बाद एक बड़ी खबर खबर सामने आई है। टाटा के निधन के बाद से एक प्रश्न सबके मन में ये आ रहा था कि अब उनके ट्रस्ट की कमान कौन संभालेगा। अब इस सस्पेंस से भी पर्दा हट गया है। दरअसल, रतन टाटा के उत्तराधिकारी की तलाश पूरी हो गई है। रतन टाटा के निधन के बाद अब टाटा ट्रस्ट की कमान नोएल टाटा संभालेंगे। बता दे, टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन को लेकर शुक्रवार एक अहम बैठक की गई जिसमें यह फैसला लिया गया। टाटा ट्रस्ट के बोर्ड ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से नोएल को अपना चेयरमैन चुन लिया है। 67 साल के नोएल टाटा रतन टाटा के सौतेले भाई हैं और कई सालों से टाटा समूह से जुड़े हुए हैं, जिसमें टाटा ट्रस्ट भी शामिल है। वह नवल टाटा की दूसरी पत्नी के बेटे हैं। वह पहले से ही सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के बोर्ड में ट्रस्टी हैं।
बता दें, नोएल टाटा घड़ी बनाने वाली कंपनी टाइटन और टाटा स्टील के वाइस-चेयरमैन हैं। वह टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट (जूडियो और वेस्टसाइड के मालिक) और इसकी एनबीएफसी फर्म टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्प के चेयरमैन भी हैं। नोएल वोल्टास के बोर्ड में भी काम करते हैं।
नोएल टाटा कौन हैं?
नोएल टाटा, टाटा इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उन्होंने अपना करियर की शुरूआत यही से की थी। 2010-11 में इस नियुक्ति के बाद से ही अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं कि नोएल को रतन टाटा के बाद टाटा समूह के प्रमुख के रूप में तैयार किया जा रहा है। टाटा इंटरनेशनल विदेशों में पेश किए जाने वाले उत्पादों और सेवाओं के लिए टाटा समूह की शाखा है।
कितना पढ़े और कहां काम किए नोएल टाटा?
नोएल टाटा ने ससेक्स यूनिवर्सिटी (यूके) से ग्रेजुएशन किया है। फ्रांस में INSEAD से इंटरनेशनल एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम (IEP) पूरा किया है। नोएल टाटा ने इससे पहले नेस्ले, यूके के साथ काम किया था। नोएल आयरिश नागरिक हैं और उनकी शादी पालोनजी मिस्त्री की बेटी आलू मिस्त्री से हुई है, जो टाटा संस में सबसे बड़े शेयरधारक थे। उनके तीन बच्चे लिआ, माया और नेविल है।