Jharkhand News : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के बड़े भाई भीमसेन मुंडा का आज तड़के जमशेदपुर टाटा मोटर्स अस्पताल में निधन हो गया। बता दें, वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर सुनकर सीएम हेमंत सोरेन, ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शोक व्यक्त किया है।
मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि व्यथित मन से बताना पड़ रहा है कि मेरे अभिभावक, मेरे बड़े भाई आदरणीय भीमसेन मुंडा जी अब हमारे बीच में नहीं रहे। ये पीड़ा असहनीय है और उनकी कमी को कोई भी पूरा नहीं कर सकता है। वे लंबे समय से बीमारी से संघर्ष कर रहे थे और आज प्रातः हम सभी को छोड़कर चले गये।
निधन की खबर पर सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक
निधन की खबर पर सीएम हेमंत सोरेन ने शोक जताते हुए लिखा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री अर्जुन मुंडा जी के भाई, श्री भीमसेन मुंडा जी के निधन की सूचना मिलने से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं एवं मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की कामना करता हूँ।
पूर्व सीएम ने अंतिम यात्रा के बारे में दी जानकारी
इस दौरान पूर्व सीएम ने भीमसेन मुंडा की अंतिम यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि आज मंगलवार सुबह 11:30 बजे घोड़ा बांध स्थित आवास से भूइंयाडीह घाट के लिए प्रस्थान करेगी। दूसरी ओर भीमसेन मुंडा के निधन की सूचना पा कर बड़ी संख्या में लोगों अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित आवास पहुंच रहे। साथ ही शोकाकुल परिवार को ढाढस बंधा रहे हैं।