Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का इंतजार खत्म हो गया। चुनाव आयोग ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीख का ऐलान कर दिया है। दरअसल, दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजे आएंगे।
दिल्ली में कितनी मतदाताओं की संख्या?
बता दे कि बीते सोमवार को चुनाव आयोग ने दिल्ली में मतदाताओं की संख्या का खुलासा किया था। चुनाव आयोग की ओर से जारी की गई मतदाताओं की अंतिम सूची के मुताबिक, केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली में कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 रजिस्टर्ड मतदाता हैं। वहीं, इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 84 लाख 49 हजार 645 और महिला मतदाताओं की संख्या 71 लाख 73 हजार 952 है। दिल्ली में इस बार युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है। वहीं, पहली बार वोट डालने के लिए पात्र लोगों की संख्या 2.08 लाख है।
दिल्ली विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल कब होगा खत्म?
दिल्ली विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है। 70 विधानसभा की 70 सीटें हैं जिसमें से 58 जनरल कैटेगरी की जबकि 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हैं।
ईवीएम को लेकर अफवाह फैलाई गईं: राजीव कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने ईवीएम को लेकर कहा कि वोटर लिस्ट को लेकर अफवाहें फैलाई गईं। इस पर बिना आधार के कई आरोप लगाए गए। EVM को लेकर भी अफवाह फैलाई गई। वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि वोटर चुनावी प्रक्रिया को लेकर जागरूक हैं। उम्मीद है कि दिल्ली दिल से वोट करेगी।
पिछले चुनाव में दिल्ली का क्या था परिणाम?
गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में 5 साल पहले यानी 2020 के विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 8 फरवरी को कराई गई थी। तो वहीं मतगणना 11 फरवरी को कराई गई थी। उस समय आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे जिसमें से वो 62 सीटों पर जीत हासिल की थी। तो वहीं बीजेपी ने 67 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। जिस पर बीजेपी 8 सीटों पर जीत हासिल कर पाई थी।