Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक है। ऐसे में इस समय दिल्ली में यमुना के पानी में जहर मिलाने का मुद्दा तेज हो गया है। दरअसल, यमुना में जहर मिला हुआ पानी दिल्ली भेजने के अरविंद केजरीवाल के दावों पर चुनाव आयोग ने फिर से जवाब मांगा है। बता दें, चुनाव आयोग ने अरविंद केजरीवाल से उनके दावों पर पहले ही जवाब मांगा था। जिस पर केजरीवाल ने सफाई दी तो चुनाव आयोग उनके जवाब से असंतुष्ट नजर आया। इस बार अरविंद केजरीवाल से चुनाव आयोग ने तथ्य आधारित जवाब देने के लिए कहा है। कल यानी 31 जनवरी की सुबह 11 बजे तक अरविंद केजरीवाल को अपना पक्ष रखने का आदेश दिया गया है।
केजरीवाल से चुनाव आयोग ने फिर पूछे सवाल
आखिर क्या है पूरा मामला?
बता दें, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में दावा किया था कि हरियाणा सरकार यमुना में जहर मिला हुआ पानी दिल्ली भेज रही है। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया की बीजेपी आम आदमी पार्टी सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रही है। दिल्ली जल बोर्ड इंजीनियरों की सतर्कता की वजह से ही इसे रोका जा सका है।
वहीं चुनाव आयोग ने केजरीवाल के इन दावों पर सबूत मांगे थे। इसके जवाब में अरविंद केजरीवाल ने अपने 14 पन्नों के लेटर में कहा था कि दिल्ली में हरियाणा से पानी आता है। यह इतना प्रदूषित आ रहा है कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। यमुना में अमोनिया का लेवल इतना बढ़ गया है कि प्यूरिफिकेशन प्लांट्स पूरी क्षमता से काम नहीं कर सकते।