Lucknow Desk: जम्मू-कश्मीर के Pahalgam में हुए आतंकी हमले के बाद से भारत का हर एक नागरिक पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए तैयार है। इसी क्रम में भारत से पाकिस्तानी नागरिकों को उनके देश भेजने का काम तेजी से किया जा रहा है। बता दें, केंद्र सरकार के आदेश का पालन करते हुए कई राज्य सरकारों ने उनके राज्य में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को वापस पाकिस्तान भेज दिया है।
दरअसल, केंद्र सरकार के फैसले के मुताबिक, भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों के मौजूदा अल्पकालिक वैध वीजा 27 अप्रैल यानी आज से रद्द किया जा रहा है। वहीं पाकिस्तानी नागरिकों को जारी चिकित्सा वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध है। ऐसे में जो भी पाकिस्तान के नागरिक भारत में मौजूद हैं उन्हें वापस पाकिस्तान भेजा जा रहा है।
अब तक कितने लोगों को भेजा गया पाकिस्तान
मिली जानकारी के अनुसार, वाघा सीमा के रास्ते पिछले तीन दिनों में अब तक 450 से अधिक पाकिस्तानी को वापस पाकिस्तान भेजा जा चुका है। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर वीजा रद्द होने के कारण यह लोग अपने देश लौट गये हैं। वहीं शनिवार को रवाना होने वालों में 23 भारतीय भी शामिल हैं, जो पीएसएल (पाकिस्तान सुपर लीग) 2025 की प्रसारण कंपनी का हिस्सा थे।
वहीं अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को लगभग 300 भारतीय और बृहस्पतिवार को लगभग 100 भारतीय इसी रास्ते से स्वदेश लौटे हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही 200 पाकिस्तानी नागरिक भी भारत से स्वदेश लौट आये हैं।
यूपी से भेजे गए पाकिस्तानी
उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तानी नागरिकों को उनके देश भेज दिया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने साफ़ किया कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के आधार पर जिन-जिन श्रेणी के पाकिस्तानी वीज़ा पर भारत आए लोगों को निर्वासित करने को कहा गया था, उन पाकिस्तानी नागरिकों को निर्वासित किए जाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने आगे बताया कि एक पाकिस्तानी नागरिक अभी बचा हुआ है जो 30 अप्रैल को पाकिस्तान वापस चला जायेगा।
डीजीपी प्रशांत कुमार की तरफ़ से जारी दिशानिर्देशों में कहा गया है कि अर्न्तराष्ट्रीय और अन्तर्राज्यीय बार्डर वाले जिलों में प्रभावी चेकिंग कराई जा रही है। साथ ही सभी टोल प्लाजा पर भी आवश्यक पुलिस प्रबन्ध और निगरानी की जा रही है। इसके अलावा नेपाल की सीमा से सटे महराजगंज, श्रावस्ती, सिद्वार्थनगर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच और बलरामपुर में पुलिस एसएसबी के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर चेक पोस्टों पर निगरानी रखीं जा रही है।