Lucknow Desk : आखिरकार 25 साल से लगातार एक पद पर जमी रहने वाली अम्बी बिष्ट को उनके जोनल अफसर के पद से हटाया गया। अब वह मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के तौर पर आधे शहर के गृहकर निर्धारण का काम देखेंगी। करीब पांच साल से वह जोनल अफसर के पद पर थीं। वह कई जोनों की जोनल अफसर रहीं और इस समय जोन तीन में तैनात थीं। इनकी जगह अब नवनियुक्त पीसीएस संजय यादव को तैनात किया गया है।
25 साल से लखनऊ में ही कर रही थी काम
पिछले 25 साल से लखनऊ में ही काम कर रही थीं। इस दौरान कभी विकास प्राधिकरण तो कभी नगर निगम में ही उनकी तैनाती रही है। अम्बी बिष्ट कर निर्धारण अधिकारी थीं। इसी महीने उनका प्रमोशन मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के पद पर हुआ है। इसके बाद भी जोनल अफसर का काम देख रहीं थीं। पिछले पांच साल में कई बार उनका तबादला शासन ने किया, मगर वह गईं नहीं।
जानकारी के मुताबिक ,हाल ही में नगर निगम में राजस्व सेवा से जुड़े 12 से अधिक तबादले हुए, मगर उनका प्रमोशन होने के बाद भी नहीं हुआ। ऐसे में अब अचानक उनका जोनल अफसर पद से हटाया जाना चर्चा का विषय बन गया है। सूत्रों का कहना है कि जो जलवा और अधिकार जोनल अफसर का है, वह मुख्य कर निर्धारण अधिकारी का कहां है। अंबी बिष्ट का 2018 में तबादला किया गया था आपको बता दे कि 2018 में भी अंबी बिष्ट का तबादला किया गया था। तब उन्हें LDA यानी लखनऊ विकास प्राधिकरण से फर्रुखाबाद नगर पालिका भेजा गया था। मगर, उस समय 3 दिन के अंदर ही उन्होंने अपना तबादला फिर से लखनऊ नगर निगम में करवा लिया था।
किस जोन का देखेंगे काम
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप मिश्रा जोन तीन, चार, छह व आठ का काम देखेंगे। इसी तरह मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अम्बी बिष्ट जोन एक, दो, पांच व सात के कर निर्धारण का काम देखेंगी। इसको लेकर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह की ओर से आदेश भी जारी किया गया है।