
BJP'S Quit India : प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर बोला हमला , बोले : विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के खिलाफ वे सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाएं
Lucknow Desk : भारत छोड़ो आंदोलन के 81 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी एक महाअभियान शुरू करने जा रही है। वहीं , आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ में भाग लेने वाले लोगों को बुधवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने याद करते हुए कहा कि भारत अब भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण के खिलाफ एक स्वर में बोल रहा है। पीएम मोदी ने विपक्ष पर परोक्ष रूप से ऐसे समय में निशाना साधा है जब सत्तारूढ़ भाजपा बुधवार को इसी तर्ज पर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया .... भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले महान लोगों को श्रद्धांजलि। गांधी जी के नेतृत्व में, इस आंदोलन ने भारत को औपनिवेशिक शासन से मुक्त करने में एक प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, ‘आज भारत एक स्वर में कह रहा है। भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, वंशवाद भारत छोड़ो, तुष्टिकरण भारत छोड़ो। बता दें कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई और इस आंदोलन ने अंग्रेजों से आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। आंदोलन शुरू होने के पांच वर्ष बाद 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था।
आपको बता दें कि पार्टी के सांसदों के साथ बैठक करने के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के खिलाफ वे सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाएं। भाजपा के इस नए अभियान का समापन 29 या 30 अगस्त कर्तव्य पथ पर किया जाएगा। पार्टी द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार, प्रधानमंत्री 16 अगस्त को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के दौरान ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान की भी शुरुआत करेंगे। पीएम ने इसी अभियान का प्रचार सोशल मीडिया पर करने के निर्देश दिए हैं।
पीएम मोदी ने कहा, आज हमारे सामने विकसित भारत के निर्माण का स्वप्न और संकल्प है। इसके सामने कुछ बुराइयां रोड़ा बनी हुई हैं। इसलिए भारत आज एक स्वर में कह रहा है, भ्रष्टाचार भारत छोड़ो। वंशवाद भारत छोड़ो। तुष्टिकरण भारत छोड़ो। भारत में समाईं ये बुराइयां देश के लिए बहुत बड़ा खतरा है, बहुत बड़ी चुनौती है। मुझे विश्वास है हम सभी अपने प्रयास से इन बुराइयों को खत्म करेंगे, परास्त करेंगे और फिर भारत की विजय होगी, देश की विजय होगी, हर देशवासी की विजय होगी।
वहीं, आपको बता दें कि भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक ट्वीट कर कांग्रेस पर तंज कसा। इस ट्वीट में एक कार्टून दिखाया गया है जिसमें राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी से कह रहे हैं, 'मॉम हमारे पास तो पब्लिक है'। साथ ही कार्टून में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण का बैनर लिए पब्लिक को दिखाया गया है।