
नहीं रहे Pope Francis, वेटिकन सिटी में हुआ निधन
Lucknow Desk: Pope Francis का सोमवार सुबह वेटिकन सिटी में निधन हो गया। बीमारी के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। Pope Francis के निधन की पुष्टि वेटिकन ने सोमवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर की है। जानकारी के अनुसार, Pope Francis के दोनों फेफड़ों में न्यूमोनिया होने के कारण उनकी हालत काफी समय से गंभीर बनी हुई थी। वह लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहे थे और हाल ही में उन्हें छुट्टी दी गई थी।
यहूदी-विरोधी भावनाओं पर चिंता
रविवार को अपने अंतिम Easter संबोधन में Pope Francis ने अपने विचार की स्वतंत्रता और सहिष्णुता की वकालत की थी। उन्होंने बेसिलिका की बालकनी से 35,000 से अधिक लोगों की भीड़ को ईस्टर की शुभकामनाएं दीं, लेकिन अपनी पारंपरिक “उर्बी एट ओरबी” यानी “शहर और विश्व के लिए” आशीर्वाद को पढ़ने का कार्य एक सहयोगी को सौंप दिया। उन्होंने अपने संदेश में कहा था कि “धर्म की स्वतंत्रता, विचार की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और दूसरों के विचारों का सम्मान किए बिना शांति संभव नहीं है।” उन्होंने यहूदी-विरोधी भावनाओं को “चिंताजनक” बताते हुए गाजा की स्थिति को “नाटकीय और निंदनीय” करार दिया था।
अरबों कैथोलिक अनुयायी शोक में डूबे
बता दें, Pope Francis के निधन से दुनिया भर के 1.4 अरब कैथोलिक अनुयायी शोक में डूबे हैं। Pope Francis के नेतृत्व में चर्च ने सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण और गरीबी उन्मूलन जैसे मुद्दों पर वैश्विक ध्यान आकर्षित किया था। उनके निधन के साथ ही वेटिकन में नए पोप के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।